कोरोना का राजस्थान में नया रिकॉर्ड: राजस्थान में लगातार बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण, 24 घंटे में 6658 नए कोरोना मरीज

राजधानी सहित प्रदेशभर में पिछले आठ दिनों से लगातार कोरोना संक्रमण का नया रिकॉर्ड बन रहा है। आज गुरुवार को भी 6658 कोरोना पॉजिटिव मिलने के साथ प्रदेश में एक बार फिर नया रिकॉर्ड बन गया। इस बीमारी से पिछले 24 घंटे में 33 लोगाें की जान चली गई।

राजस्थान में लगातार बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण, 24 घंटे में 6658 नए कोरोना मरीज

जयपुर। 
प्रदेश में कोरोना आए दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। राजधानी सहित प्रदेशभर में पिछले आठ दिनों से लगातार कोरोना संक्रमण का नया रिकॉर्ड बन रहा है। आज गुरुवार को भी 6658 कोरोना पॉजिटिव मिलने के साथ प्रदेश में एक बार फिर नया रिकॉर्ड बन गया। इस बीमारी से पिछले 24 घंटे में 33 लोगाें की जान चली गई। वहीं राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरमैन संगीता बेनीवाल भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। चिकित्सा विभाग के मुताबिक चित्तौड़गढ़ परिवहन विभाग में कार्यरत इंस्पेक्टर अरविंद गिरवाल का उदयपुर में कोरोना से निधन हो गया। कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए राज्य सरकार ने कल से प्रदेश के सभी शहरों में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। धार्मिक स्थलों को भी 16 अप्रेल से बंद करने के लिए कहा गया है। 

18 जिलो में 100 से अधिक मरीज
प्रदेश के 33 में से 18 जिलों में कोरोना के केस 100 के पार हो गए हैं। इसमें जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर के अलावा छोटे शहर जालौर, झालावाड़, करौली, सीकर, सवाई माधोपुर जैसे जिले भी शामिल है। आज सबसे ज्यादा जयपुर में 848 केस मिले। जयपुर के अलावा गुरुवार को जोधपुर में 847, उदयपुर में 711, कोटा में 638 और अलवर में 361 नये केस मिले है। प्रदेश में संक्रमण की दर 15.34% रही। राज्य में आज 43,383 सैंपल लिए गए थे। जिसमें से 6658 नमूने पॉजिटिव आए। राज्य में अब चिंता की सबसे बड़ी वजह एक्टिव केस बने हुए हैं। यह अब 49,276 तक पहुंच गए हैं और तेजी से बढ़ रहे हैं। जबकि रिकवरी रेट बहुत धीमी गति से बढ़ रही है। आज 2254 लोग इस बीमारी से रिकवर हुए है। राज्य में वर्तमान में रिकवरी रेट गिरकर 86.51% पर पहुंच गई है।

शाम 5.30 बजे तक ही चलेगी मेट्रो
राजधानी में शुक्रवार से मेट्रो ट्रेन के संचालन समय में भी बदलाव किया है। जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मानसरोवर और बड़ी चौपड़ स्टेशनों में सुबह 6.20 बजे से पहली ट्रेन चलाने का निर्णय किया है, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 5.30 बजे चलेगी। मेट्रो के संचालन में ये बदलाव कल से लागू होने वाले नाइट कर्फ्यू को देखते हुए किया गया है।

Must Read: श्री क्षत्रिय युवक संघ के आभार कार्यक्रम में संघ प्रमुख ने सफाई कर्मचारियों के साथ किया भोजन

पढें राजस्थान खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें First Bharat App.

  • Follow us on :