Rajasthan @ कांग्रेस जिलाध्यक्षों घोषणा: राजस्थान में कांग्रेस ने 13 जिलों में अध्यक्ष पद पर की नियुक्तियां, कोषाध्यक्ष और 2 प्रवक्ता भी नियुक्त
राजस्थान में लंबे समय से रिक्त चल रहे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के पदों पर आखिरकार नियुक्तियां कर दी गई। कांग्रेस में 13 जिलों के अध्यक्ष के साथ दो प्रवक्ता और एक कोषाध्यक्ष को भी नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी ने पहले फेज में बिना विवाद वाले जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी

जयपुर।
राजस्थान में लंबे समय से रिक्त चल रहे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के पदों पर आखिरकार नियुक्तियां कर दी गई। कांग्रेस में 13 जिलों के अध्यक्ष के साथ दो प्रवक्ता और एक कोषाध्यक्ष को भी नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी ने पहले फेज में बिना विवाद वाले जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी। इनमें जोधपुर देहात, बाड़मेर, नागौर, बीकानेर और दौसा में तो पुराने जिलाध्यक्ष को ही वापस बना दिया गया। वहीं इस बार जोधपुर शहर में दो जिलाध्यक्ष होंगे। कांग्रेस की पहली सूची में सभी जाति वर्ग के लोगों को साधने का प्रयास किया गया है। राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार चुके सीताराम अग्रवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि स्वर्णिम चतुर्वेदी और आरसी चौधरी को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक विधायक हीरालाल मेघवाल को जोधपुर देहात, जोधपुर शहर उत्तर में सलीम खान और जोधपुर दक्षिण में नरेश जोशी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने सुनीता गिठाला को सीकर, हरि सिंह राठौड़ को राजसमंद, एडवोकेट वीरेंद्र सिंह गुर्जर को झालावाड़ का जिलाध्यक्ष बनाया है। रामचरण मीणा को बारां, उम्मेद सिंह तंवर को जैसलमेर और योगेश मिश्रा को अलवर का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा यशपाल गहलोत को बीकानेर शहर, नागौर में जाकिर हुसैन गैसावत, दौसा में रामजीलाल ओढ और बाड़मेर में फतेह खान को जिलाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा है।
पायलट की बगावत के चलते भंग कर दी थी इकाइयां
राजस्थान की कांग्रेस पार्टी में सचिन पायलट खेमे की बगावत शुरू करने के बाद प्रदेश की जिला इकाइयों को भंग कर दिया गया था। इसके चलते 16 जुलाई 2020 से जिलाध्यक्षों के पद रिक्त चल रहे थे। कांग्रेस पार्टी की ओर से जोधपुर, जयपुर और कोटा में दो—दो जिलाध्यक्ष बनाए जाने हैं। जयपुर और कोटा के जिलाध्यक्षों की घोषणा अभी किया जाना बाकी है। कांग्रेस पार्टी में पहले 39 जिलाध्यक्ष थे, जो अब बढ़कर 42 हो जाएंगे।
Must Read: Chief Minister Ashok Gehlot ने गुड गवर्नेंस और गुड सर्विस डिलीवरी पर अधिकारियों से की चर्चा
पढें राजनीति खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें First Bharat App.