Varanasi PM का हर हर महादेव का जयकारा: कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है गाय, हमारे लिए गाय माता है: PM, वाराणसी को 2100 करोड़ रुपए की 27 परियोजनाओं की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दौरे पर है। यहां अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के करखियांव गांव में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिला दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड की बनास डेयरी का शिलान्यास किया।

कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है गाय, हमारे लिए गाय माता है: PM,  वाराणसी को 2100 करोड़ रुपए की 27 परियोजनाओं की दी सौगात

वाराणसी, एजेंसी। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दौरे पर है। यहां अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के करखियांव गांव में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिला दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड की बनास डेयरी का शिलान्यास किया। 
इसके साथ ही मोदी ने क्षेत्र को 2095 करोड़ रुपए की लागत से 27 विभिन्न परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। 
मोदी ने मंच पर माइक संभालते हुए हर हर महादेव का जयकारा लगाया। इसके बाद अपने संबोधन में गाय को लेकर विपक्षियों पर निशाना साधा।
गाय हमारे लिए माता:पीएम
जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, लेकिन हमारे लिए गाय माता है। 
हमारे यहां गाय की बात तक करना कुछ लोगों ने गुनाह बना दिया। गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है,लेकिन हमारे लिए पूजनीय हैं, हमारी माता है।  
हमारे यहां गाय—भैंस का मजाक उड़ाने वाले लोग यह नहीं जानते कि देश के 8 करोड़ परिवारों की आजीविका ऐशे ही पशुधन से चलती है। 
मोदी ने कहा कि यूपी की डबल इंजन सरकार ने पूरी ईमानदारी और शक्ति से किसानों व पशुपालकों का साथ दिया। 
आज जो बनास काशी संकुल का शिलान्यास किया गया, यह भी इसी सरकार की भागीदारी का ही प्रमाण है। 
यूपी के विकास की बात करता हूं तो कुछ लोगों को ज्यादा कष्ट होता है...
पीएम मोदी ने कहा कि मैं जब भी यूपी के विकास में डबल इंजन वाली डबल शक्ति की बात करता हूं तो कुछ लोगों को अधिक कष्ट होता है। 
मोदी ने बताया कि ये वो लोग है जिन्होंने यूपी को सिर्फ  जाति, मजहब, पंथ के चश्मे से ही देखा है। 
सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भाषा इनके सिलेबस तक में नहीं हैं। 
इनके डिक्शनरी से ऐसे शब्द बाहर है। इन के सिलेबस में माफियावाद, परिवारवाद, अवैध कब्जा जैसे शब्द है। 
आपको बता दें कि पिछले 10 दिनों में पीएम की यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया था।


30 एकड़ में बनेगा बनास डेयरी संयंत्र
पीएम मोदी ने करखियांव में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण फूड पार्क में 'बनास डेयरी संयंत्र' का शिलान्यास किया।

https://twitter.com/narendramodi/status/1473939752449548294?s=20 


यह संयंत्र करीब 30 एकड़ क्षेत्र में और करीबन 475 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। 
इसमें पांच लाख लीटर प्रतिदिन दूध तैयार किया जाएगा।.पीएम मोदी ने बनास डेयरी से जुड़े 170000 से अधिक दुग्ध उत्पादकों को करीब 35 करोड़ रुपए का बोनस डिजिटल माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित किया। 
इसके अलावा मोदी ने वाराणसी के रामनगर में ‘मिल्क प्रोड्यूसर्स को ऑपरेटिव यूनियन' की बायो गैस आधारित बिजली उत्पादन संयंत्र की आधारशिला भी रखी। 
इसके साथ ही मोदी ने दुग्ध उत्पादकों के लिए ‘कनफॉरमेटी एसेसमेंट स्कीम' से संबंधित एक पोर्टल का भी उद्घाटन किया। 
मोदी ने काशी के वार्ड के पुनर्विकास से जुड़ी छह परियोजनाएं, बेनी बाग में पार्किंग, दो तालाबों का सौंदर्यीकरण, रमना गांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 720 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की योजना का भी शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर, 130 करोड़ रुपए की लागत से चिकित्सकों तथा नर्सों के लिए बनाए गए छात्रावासों का उद्घाटन किया। 
पीएम ने आयुष मिशन के तहत पिंडरा तहसील में सरकारी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखी।

Must Read: Invest Rajasthan 2022 से पहले आज जयपुर इंवेस्टमेंट समिट में 23 हजार 528 करोड़ के एमओयू व एलओआई किए साइन

पढें राजनीति खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें First Bharat App.

  • Follow us on :