विधानसभा चुनाव 2023 की बिसात: प्रशिक्षण के बाद 200 विस क्षेत्रों में विस्तारक भेजेगी भाजपा

अगस्त में कांग्रेस के 400 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति और अन्य तैयारियों के बीच भाजपा ने भी टीम बनाने पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए 200 नए विस्तारक तैयार किए जा रहे हैं। राज्य के सभी जिलों से योग्य विस्तारकों के नाम मांगे गए थे। अब नाम आ चुके हैं।

प्रशिक्षण के बाद 200 विस क्षेत्रों में विस्तारक भेजेगी भाजपा

जालोर। राज्य में विधानसभा चुनाव 2023 की बिसात बिछना शुरू हो रही है। चुनाव में अभी भले ही 14-15 माह हैं, लेकिन सत्तारूढ़ कांग्रेस के साथ विपक्षी भाजपा में नित नई तैयारी शुरू हो रही है। अगस्त में कांग्रेस के 400 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति और अन्य तैयारियों के बीच भाजपा ने भी टीम बनाने पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए 200 नए विस्तारक तैयार किए जा रहे हैं। राज्य के सभी जिलों से योग्य विस्तारकों के नाम मांगे गए थे। अब नाम आ चुके हैं। इनकी स्क्रूटनी हो रही है। अगले सप्ताह विस्तारक की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों को जालोर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। 7 से 9 अगस्त तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर होगा। इसमें प्रदेश संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशिक्षण के बाद विस्तारकों को क्षेत्र में भेजा जाएगा। पार्टी की योजना के तहत अगस्त और सितंबर में ही सभी अपने आवंटित क्षेत्र में गतिविधि शुरू करेंगे। इन्हें करीब एक साल से अधिक समय तक यह दायित्व दिया जाएगा। संघ की तर्ज पर शुरू की गई यह व्यवस्था भाजपा सभी राज्यों में अपना चुकी है।

भाजपा ने 2018 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी विस्तारक नियुक्त किए थे। गत विधानसभा चुनाव में 182 विस्तारक लगाए गए थे। विस्तारकों को प्रशिक्षण देकर जनता के बीच भेजा गया था। पार्टी ने ही उनका खर्च वहन किया था। विस्तारकों को एक-एक मोटरसाइकिल भी दी गई थी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां का कहना है कि विस्तारक ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता हैं जो चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा से दूर संगठन के लिए काम करते हैं। 2014 और 2019 के प्रचंड बहुमत के पीछे ऐसे समर्पित कार्यकर्ता ही थे। विस्तारकों का चयन निरपेक्ष आधार पर किया जा रहा है। अब प्रशिक्षण देकर इन्हें संबंधित क्षेत्र में भेजा जाएगा।

Must Read: वसुंधरा राजे के करीबी पूर्व मंत्री युनुस खान ऑटो से पहुंचे नामांकन दाखिल करने

पढें राजनीति खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें First Bharat App.

  • Follow us on :