आखिर प्रशासन कब जागेगा?: अवैध निर्माण की फेहरिस्त में एक और नाम, ओरिया सरपंच ने भी अवैध तरीके से बना दिया कमरा

माउंट आबू क्षेत्र की ओरिया ग्राम पंचायत की सरपंच द्वारा किया गया हैं। जिस अचल रिसोर्ट में अवैध तरीके से निर्माण कार्य चल रहा हैं। उससे मात्र 500 मीटर की दूरी पर ओरिया सरपंच ने भी अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर कमरे का नवनिर्माण कर दिया।

अवैध निर्माण की फेहरिस्त में एक और नाम, ओरिया सरपंच ने भी अवैध तरीके से बना दिया कमरा

  • गणपतसिंह मांडोली 9929420786

सिरोही। माउंट आबू परिक्षेत्र में नए निर्माण पर पूर्णतयाः प्रतिबंध होने के बावजूद अवैध तरीके से किस हद तक नवनिर्माण हो रहे हैं इसको लेकर FIRST BHARAT लगातार एक के बाद एक मामला आमजनता के साथ साथ शासन और प्रशासन के संज्ञान में लाने के लिए नित नए खुलासे कर रहा हैं। फिर मामला चाहे लिमडी कोठी का हो या फिर अचल रिसोर्ट का। हमने सबसे पहले इन अवैध नवनिर्माणो को लेकर खबरें प्रकाशित की हैं। आज इसी कड़ी में हम आपको एक ऐसे अवैध निर्माण के बारे में बताने जा रहे हैं। जिसे पढ़कर आप भी हैरान रह जाएंगे कि कैसे कोई व्यक्ति सत्ता के करीब पहुंचता हैं तो अपनी सत्ता का दुरुपयोग करते हुए अवैध तरीके से माउंट आबू परिक्षेत्र में नवनिर्माण कर लेता हैं। आज हम जिस अवैध निर्माण की बात करने जा रहे हैं वो अवैध निर्माण माउंट आबू क्षेत्र की ओरिया ग्राम पंचायत की सरपंच द्वारा किया गया हैं। जिस अचल रिसोर्ट में अवैध तरीके से निर्माण कार्य चल रहा हैं। उससे मात्र 500 मीटर की दूरी पर ओरिया सरपंच ने भी अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर कमरे का नवनिर्माण कर दिया। इस नवनिर्माण के लिए ना किसी सक्षम अधिकारी की स्वीकृति ली गई और ना ही इस अवैध निर्माण के लिए आने वाली निर्माण सामग्री का टोकन तक जारी हुआ। उसके बावजूद सरपंच साहिबा के फार्म हाउस का ये कमरा बनकर तैयार भी हो गया और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। लेकिन यही काम करना माउंट आबू परिक्षेत्र के निवासी किसी भी आम आदमी के लिए संभव ही नही हैं।   क्योंकि आम आदमी के निर्माण की जानकारी प्रशासन को हाथोंहाथ लग जाती हैं, पर खास व्यक्ति के लंबे चौड़े निर्माण भी प्रशासन की नज़र से ओझल हो जाते हैं। अब इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं, इसके बारे में प्रशासन में बैठे जिम्मेदार ही खुलकर  बता सकते हैं।

जब हमारी खबर के बाद प्रशासन अचल रिसोर्ट तक पहुंच गया, तो फिर सरपंच का अवैध निर्माण क्यों नही आया नज़र

ओरिया ग्राम पंचायत के अचलगढ़ स्थित अचल रिसोर्ट में चल रहे अवैध निर्माण को लेकर जब FIRST BHARAT ने खबर प्रकाशित की तो उपखण्ड प्रशासन ने आनन फानन में कार्रवाई की औपचारिकता करते हुए आधा अधूरा निर्माण तोड़कर खानापूर्ति तो कर दी, पर अचल रिसोर्ट से एकदम सामने से दिखाई देने वाला ओरिया सरपंच का उक्त अवैध निर्माण प्रशासनिक अधिकारियों को नज़र ही नही आया। जबकि अचल रिसोर्ट में खड़ा कोई भी व्यक्ति सिर्फ एक नज़र ही घुमा ले तो उसे ये अवैध निर्माण साफ साफ नजर आ सकता हैं। पर शायद आबू उपखण्ड प्रशासन को इसके लिए भी हमारी खबर का बेसब्री से इंतजार होगा।

Must Read: चिकित्सा सेवाओं के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा जिला अस्पताल : मीणा

पढें राजस्थान खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें First Bharat App.

  • Follow us on :