भगवा लहर का असर: कांग्रेस के जसवंतपुरा ब्लाॅक अध्यक्ष ने छोड़ी कांग्रेस, थामा भाजपा का दामन

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल ने कांग्रेस के जसवंतपुरा ब्लाॅक अध्यक्ष गणेश मल पुरोहित को भाजपा की सदस्यता दिलाई और माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। 

जालोर | पूरे देश में चल रही भगवा लहर का असर जसवंतपुरा में भी देखने को मिला, मौका था हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायतीराज चुनावों में जसवंतपुरा पंचायत समिति से भाजपा के टिकिट पर चुनाव जीतकर आए वार्ड नंबर 13 के पंचायत समिति सदस्य मुकाराम पुरोहित द्वारा ग्राम गौलाणा में आयोजित धन्यवाद एवं स्नेह भोज कार्यक्रम का। इस स्नेह भोज और धन्यवाद समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल ने कांग्रेस के जसवंतपुरा ब्लाॅक अध्यक्ष गणेश मल पुरोहित को भाजपा की सदस्यता दिलाई और माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। 

देवल ने कहा कि आज पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भगवा लहर चल रही है। अभी हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे घनश्याम तिवाड़ी की भी भाजपा परिवार में वापसी हुई है एवं प्रदेश के और भी कई बड़े नेता जो कांग्रेस में चले गए थे, लेकिन अब कांग्रेस से उनका मोह भंग हो चुका है और जल्दी ही उनकी भी घर वापसी होगी। अभी बिहार के विधानसभा चुनावों में भाजपा एनडीए को ऐतिहासिक सफलता मिली है तथा अन्य प्रदेशों के उप चुनावों में भी भाजपा को उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। अभी हैदराबाद नगर निगम के चुनावों में भी भाजपा दूसरे नंबर की बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हमारे प्रदेश में हुए पंचायतीराज चुनावों में भी हमने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। ये इस बात का प्रमाण है कि जनता का भाजपा की रीति-नीति में विश्वास बढ़ा है। आने वाले समय में पूरे देश में भगवा राज होगा। आज गणेश मल पुरोहित ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाईन की है। आपके भाजपा में आने से क्षेत्र में भाजपा और मजबूत होगी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नवनिर्वाचित जिला प्रमुख जालोर राजेश राणा एवं नवनिर्वाचित जसवंतपुरा प्रधान विमला चौहान ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर जिला परिषद के वार्ड नंबर 9 से नवनिर्वाचित सदस्य हरीश चन्द्र राणावत, वार्ड नंबर 10 से नवनिर्वाचित सदस्या मनीषा पुरोहित, पंचायत समिति जसवंतपुरा के वार्ड नंबर 4 से नवनिर्वाचित सदस्य  पृथ्वीराज सिंह, वार्ड नंबर 6 से नवनिर्वाचित सदस्या संतोष पुरोहित, वार्ड नंबर 7 से नवनिर्वाचित सदस्य पीयूष चौधरी सहित सैकड़ो की संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।