Bikaner @ शहीद को पुष्पांजलि अर्पित: सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी पर नायब सुबेदार सियाग को आया हार्ट अटैक, पार्थिव शरीर बीकानेर पहुंचने पर लोगों ने नम आंखों से दी विदाई

  सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से सेना में नायब सुबेदार तुलछाराम सियाग का निधन हो गया। राष्ट्र की सेवा करते हुए प्राण त्यागने पर सियाग को शहीद का दर्जा दिया गया। वहीं आज सियाग का पार्थिव शरीर बीकानेर पहुंचने पर उन्हें राजनेताओं के साथ हजारों की तादाद में लोगों ने नम आंखों से विदाई दी।

जयपुर।  
सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से सेना में नायब सुबेदार तुलछाराम सियाग का निधन हो गया। राष्ट्र की सेवा करते हुए प्राण त्यागने पर सियाग को शहीद का दर्जा दिया गया। वहीं आज सियाग का पार्थिव शरीर बीकानेर पहुंचने पर उन्हें राजनेताओं के साथ हजारों की तादाद में लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान माहौल गमगीन हो गया। वहीं भारत माता जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। जानकारी के मुताबिक नोखा तहसील के खेड़ली निवासी सेना में नायब सूबेदार तुलछाराम सियाग 15 हजार फीट ऊंचाई पर सियाचिन ग्लेशियर में परतापुर सैन्य बेस में तैनात थे। 21 नवंबर को ड्यूटी के दौरान तुलछाराम को हार्ट अटैक आ गया। इस दौरान तुलछाराम को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तुलछाराम 2 माह बेस पर बिताने के बाद हाल ही में ग्लेशियर पर ड्यूटी करने गए थे। बर्फीली पहाड़ियों पर देश की रक्षा करते हुए प्राण गंवाने पर उन्हें शहीद का दर्जा दिया गया। आज उनके पार्थिव देह को विशेष विमान से दिल्ली के रास्ते बीकानेर लाया गया। जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे जनप्रतिनिधि
नायब सुबेदार तुलछाराम सियाग की अंतिम यात्रा में श्रद्धांजलि देने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। भारत माता की जय के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बीकानेर सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी अंतिम यात्रा में पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। मेघवाल ने सोशल मीडिया एप कू के माध्यम से एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि बीकानेर में केड़ली,नोखा के नायब सुबेदार तुलछाराम सियाग का सियाचीन ग्लेशियर में शहीद होने पर आज बीकानेर में उनकी पार्थिव देह को नमन करके पुष्पांजलि अर्पित की। आपकी कर्तव्यनिष्ठा व समर्पण पर देश को गर्व है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को संबल प्रदान करे। इसके साथ की बीजेपी की विधायक दीया कुमारी ने भी कू एप से श्रद्धांजलि दी।