जैसलमेर मरु महोत्सव का पोकरण में आगाज: जैसलमेर में मरु महोत्सव के दौरान रंगारंग आयोजनों की धूम, मंत्री शाले मोहम्मद ने किया आगाज

राजस्थान का मरु महोत्सव रविवार को हर्षो उल्लास के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय महोत्सव का आगाज परमाणु नगरी के रूप में मशहूर जैसलमेर के पोकरण शहर से हुआ। महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा, लोक लहरियों की गूंज, विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं और उत्सवी रंग-रसों ने आज समा बांधते हुए मरु संस्कृति की विलक्षणताओं और परंपराओं से रूबरू ..

जैसलमेर।
राजस्थान का मरु महोत्सव रविवार को हर्षो उल्लास के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय महोत्सव का आगाज परमाणु नगरी के रूप में मशहूर जैसलमेर के पोकरण शहर से हुआ।
महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा, लोक लहरियों की गूंज, विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं और उत्सवी रंग-रसों ने आज समा बांधते हुए मरु संस्कृति की विलक्षणताओं और परंपराओं से रूबरू कराया। 
सालमसागर तालाब की पाल पर आयोजित कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने झण्डी दिखाकर भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया।


इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक भंवरसिंह नाथावत सहित क्षेत्र के जन प्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार, बीएसएफ के जवान, सैलानी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
पोकरण में मरु महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर समूचे शहर में उत्साह दिखाई दिया। रास्ते में व्यवसायियों, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं, परिवारों और शहरवासियों ने रंगोली-माण्डणे बनाकर तथा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में बैण्ड की सुमधुर धुनों और लोकवाद्यों की स्वर लहरियों पर कलाकारों के कई समूहों ने आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत कर मरु भूमि और राजस्थान की लोक लहरियों का परिचय दिया। 
शोभायात्रा में सजे-धजे ऊँटों पर सवार बीएसएफ के जांबाजों, बीएसएफ महिला टुकड़ी, बालिकाओं एवं महिलाओं की मंगल कलश यात्रा और विभिन्न झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। 
रास्ते भर नाच-गान करते हुए कलाकारों के समूहों ने कालबेलिया, अश्व, कच्छी घोड़ी, गैर आदि लोक नृत्यों की धूम मचा दी। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर समारोह में परिवर्तित हो गई।

मरु महोत्सव में मिस्टर पोकरण और मिस पोकरण 
मरु महोत्सव के तहत पोकरण के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित शुभारंभ समारोह में अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री शाले मोहम्मद एवं आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण व इसके सम्मुख दीप प्रज्वलन किया। 
इसके बाद गोल्डन बैलून आसमान में उड़ा कर चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया। 
पोकरण में प्रारंभ हुए मरु महोत्सव के पहले दिन कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति प्रिया भाटी, पूजा दाधीच, गायत्री बडगूजर, मोनिका सोलंकी, सीमांक्षी खींची, सुनिता भाटिया एवं उर्मिला ने दी।


महोत्सव में रेवन्ताराम पोकरण एवं उनकी टीम द्वारा भवाई नृत्य की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने सराहा।
मरु महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में मिस्टर एवं मिस पोकरण प्रतियोगिता हुई।
इसमें निकिता राठौड़ ने मिस पोकरण एवं भरत बोहरा ने मिस्टर पोकरण का खिताब जीता। इन प्रतिभागियों में कन्या कॉलेज पोकरण की खुशी गौड ने भी दिव्यांग होते हुए भी प्रतियोगिता में भाग लिया। 

साफा बांधो प्रतियोगिता सहित कई आयोजन
महोत्सव के दौरान प्र​तियोगिताएं आकर्षक का केन्द्र रही। इसमें साफा बांधों प्रतियोगिता में दुर्जनसिंह भाटी विजेता रहे।
रस्सा कस्सी में टीम कपिल विजेता रही। मल्लश्री का खिताब विक्रम जोशी ने अपने नाम किया।
मटका दौड में रूकड़ी ने जीत हासिल की। तो मेहंदी प्रतियोगिता में तनीषा खत्री, मांडना में जसोदा एवं रंगोली प्रतियोगिता में खुशबू विजेता रही।


कार्यक्रम का समापन पद्मश्री अनवर खां एवं लंगा पार्टी के कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विजेताओं को अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद एवं आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत एवं अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया। 
मुख्य समारोह परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें बीएसएफ द्वारा देश की प्रथम पंक्ति पर सुरक्षा में लगे सैनिकों को मुहैया करवाए जाने वाले हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी में 7.66 एमएम गन, असाल्ट रायफल, एक्स-95, इन्सास, एलएमजी, 84 एमएम जीआरएल, बैरिस्टा, सहित अन्य हथियारों का प्रदर्शन किया गया। 
इसके साथ ही पोकरण विकास संस्थान , उरमूल, ऊँटनी के दूध, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हस्तशिल्प आदि से संबंधित प्रदर्शनियां लगीं।