पत्रकारों से बातचीत: प्रवासी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को न्याय नहीं मिल रहा - राज के पुरोहित

प्रवासी नेता, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित ने मादरे वतन जन्मभूमि की सेवा में अग्रणी और प्रवासी राजस्थानी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व तो नहीं मिलने और प्रवासियों की आवाज को दबाने के गंभीर आरोप लगाकर प्रवासियों में नाराजगी व गुस्सा बताया

सिरोही | प्रवासी नेता, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित ने प्रवासी राजस्थानीयो के संदर्भ में कहा कि इनमें राजनीतिक जागरूकता तो आई है लेकिन चिंता जाहिर कर कहा की चाहे कोई भी दल हो सभी दलों ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं देकर दबाने का काम किया है और इसको लेकर प्रवासी कार्यकर्ताओ मे गुस्सा है।

पुरोहित ने सिरोही प्रवास के दौरान स्थानीय पत्रकारों से रूबरू होकर बातचीत में बताया कि आगामी दिनों में प्रवासी कार्यकर्ताओं में जागरूकता को लेकर सम्मेलन होंगे और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।

बुधवार को माया नगरी मुंबई से एक दिवसीय सिरोही प्रवास पर पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता राज के पुरोहित ने स्थानीय रामदेव होटल में पत्रकारों से मुखातिब होकर प्रवासियों की भूमिका और उनको मिलने वाले हक, मान- सम्मान के संदर्भ में विस्तार से बातचीत करके अखिल भारतीय स्तर पर प्रवासियों की ओर से तीव्र मुहिम चलाने की जानकारी दी।

प्रवासी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को लगने लगा है कि संख्या के अनुपात में उन्हें राजनीतिक न्याय नहीं मिला है और इसको लेकर 2 जनवरी 2022 को जालना महाराष्ट्र में एक विशाल सम्मेलन होगा।

प्रवासी नेता ने यहां तक कहा कि प्रवासी कार्यकर्ता का शोषण हो रहा है कैसे हम सहन नहीं करेंगे उन्होंने कहा कि चुनाव आने पर हम याद आते हैं और बाद में हमें भूल जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रवासियों को जोड़ने के लिए वे लगातार काम कर रहे हैं. इसको लेकर प्रवासी युवाओं मैं जो विकृति आई है तथा अपनी संस्कृति से विमुख हो रहे लोगों को मातृभूमि से जोड़े रखने के लिए मुहिम चलाकर मारवाड़ की माटी और इससे मधुर संबंध बनाने, मजबूत करने का काम करेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष लुंबाराम चौधरी, दीपाराम पुरोहित, नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, एडवोकेट अशोक पुरोहित, हेमंत पुरोहित, महिपाल चारण आदि मौजूद थे।

प्रवासियों की समस्याओं के निदान में सतत प्रयत्नशील -

राज के पुरोहित ने जानकारी देकर बताया कि प्रवासियों को बार-बार आने वाली समस्याओं लंबी दूरी की ट्रेनों को बढ़ाने के लिए वे लगातार काम कर रहे हैं इसी प्रकार गांव में प्रवासियों के बंद पड़े मकानों में होने वाली चोरी, डकैती, भूमि अतिक्रमण, संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी सरकार से संरक्षण, सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

सरकार प्रवासियों पर ध्यान नहीं दे रही -

पुरोहित ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि सरकारे भामाशाह के रूप में प्रवासी राजस्थानीयो का इस्तेमाल तो करती है लेकिन उनको आने वाली छोटी-छोटी समस्याओं के निदान के लिए गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार को प्रवासियों से संबंधित समस्याओं के निदान के लिए अलग से विभाग बनाकर अधिकारी लगाना चाहिए।

पुलिस प्रशासन का आभार जताया -

पिछले दिनों पुरोहित के पैतृक निवास उंगली में उनके मकान में हुई चोरी के बाद चोरों के पकड़े जाने और उसका राज खोले जाने के साथ माल की बरामदगी के लिए जिला पुलिस कप्तान का धन्यवाद ज्ञापित किया।