बॉलीवुड इंडस्ट्री को झटका! : मशहूर डायरेक्टर सावन कुमार का निधन, सलमान ने कहा- मेरे प्रिय सावन जी आपको शांति मिले

गुरुवार को सावन कुमार को हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। उन्होंने 86 साल की उम्र में मुंबई में अंतिम सांस ली। 

मुंबई | Sawan Kumar Passed Away : बॉलीवुड इंडस्ट्री को एक दर्दभरा झटका लगा है। बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर सावन कुमार टाक का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को सावन कुमार को हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। उन्होंने 86 साल की उम्र में मुंबई में अंतिम सांस ली। 

कल होगा अंतिम संस्कार
सावन कुमार के भतीजे ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि, सावन जी को आज शाम लगभग 4ः15 बजे दिल का दौरा पड़ा और मल्टी ऑर्गन फेल्योर से उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सावन कुमार टाक को 24 अगस्त को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके भतीजे नवीन ने बताया कि सावन कुमार को कई स्वास्थ्य बीमारियां थी और उनके फेफड़ों में इंफेक्शन हो गया था। जिसके बाद से वे आईसीयू में थे। कल पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- घर और कार्यालय पर छापे: पहले सड़क पर शराब अब अंडरग्राउंड! यू-ट्यूबर बॉबी कटारिया पर 25 हजार का इनाम

बॉलीवुड को दी कई बेहतरीन फिल्में
सावन कुमार की बतौर निर्माता के रूप में पहली फिल्म 1967 में आई ‘नौनिहाल’ थी। इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में विशेष उल्लेख मिला। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड को कई बेहतरीन फिल्में दी जिनमें हवा, अब क्या होगा, लैला, सौतन, सनम बेवफा और दिल परदेसी हो गया शामिल हैं। सावन कुमार की आखिरी निर्देशित फिल्म 2006 में आई सलमान खान की फिल्म सावन... द लव सीजन थी।

सलमान ने कहा-
सावन कुमार के निधन पर अभिनेता सलमान खान ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, मेरे प्रिय सावन जी आपको शांति मिले। हमेशा प्यार किया है और आपका सम्मान किया है।