Rajasthan @ UP की घटना विरोध प्रदेश में: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना ने देश को हिलाकर रख दिया, 2024 में जनता करेगी मन की बात:गहलोत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में आज प्रदेश में कांग्रेस ने मौन पैदल मार्च निकाला। राजधानी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना को लेकर केंद्र और भाजपा पर जमकर प्रहार किया। सीएम गहलोत ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना ने देश को हिलाकर रख दिया।

जयपुर। 
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में आज प्रदेश में कांग्रेस ने मौन पैदल मार्च निकाला। राजधानी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना को लेकर केंद्र और भाजपा पर जमकर प्रहार किया। सीएम गहलोत ने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना ने देश को हिलाकर रख दिया। पीड़ितों से मिलने जा रही ​प्रियंका गांधी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया वो निंदनीय है। गहलोत ने कहा कि इस का भी वीडियो देखा गया, इसमें पुलिसवाले प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा के साथ गलत बर्ताव कर रहे है। अब समय आ गया कि अभी तो मोदीजी मन की बात कर रहे है, जल्द ही 2024 में देश की जनता मन की बात करेगी। जनता प्रधानमंत्री को आईना दिखाएगी।


सीएम गहलोत ने कहा कि लखीमपुर में 8 लोग मारे गए। लोगों को कुचला जा रहा है। देश खतरे में, लोकतंत्र खतरे में और संविधान तक खतरे में आ गया। उन्होंने कहा ​कि देश के प्रधानमंत्री लच्छेदार भाषण से देश को गुमराह कर रहे है। देशभर में कानून व्यवस्था गिर रही है। यूपी के सीएम तक पीएम की तरह काम कर रहे है। गहलोत ने कहा कि एक वो समय भी था, जब देश में इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई थी, लेकिन कुछ समय बाद वापस सत्ता में आ गई। सीएम गहलोत ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों से किए वादों को पूरा नहीं किया। केंद्र ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे किए थे, लेकिन अभी तक नहीं हुई। गहलोत ने कहा कि भाजपा कहती है कि कांग्रेस कहां है, तो इसका जवाब सीधा है कांग्रेस हर घर, हर गांव में हैं। कांग्रेस और देश का डीएनए एक ही है। अंत में देशवासियों को कांग्रेस के हाथ में ही देश को देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज आरएसएस के लोग सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के बारे में हलकी बातें चला रहे हैं। पंडित नेहरु तक का भाजपा ने नहीं छोड़ा। नेहरु ने देश के लिए कई साल जेल में बिताए थे। अब समय आ रहा है देश इन्हें नहीं छोड़ेगा। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार कृषि कानून लेकर आई लेकिन राजस्थान के राज्यपाल ने इन्हें अटका दिया।