नडाल को इटैलियन ओपन का खिताब: स्पेन के राफेल नडाल ने इटैलियन ओपन में सर्बिया के जोकोविच को हराया

क्ले कोर्ट के किंग कहे जाने वाले स्पेन के राफेल नडाल ने फाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर रिकॉर्ड 10वीं बार इटैलियन ओपन का खिताब जीत लिया।

जयपुर। 
क्ले कोर्ट के किंग कहे जाने वाले स्पेन के राफेल नडाल (Rafael Nadal) ने फाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविच(Noval Djokovic) को हराकर रिकॉर्ड 10वीं बार इटैलियन ओपन (Italian open) का खिताब जीत लिया। नडाल ने जोकोविच को 7-5, 1-6, 6-3 से हराकर अपने नाम किया। अब दोनों खिलाडिय़ों की नजरें 24 मई से शुरू होने वाले साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन (Grand slam french open) पर होंगी। वहीं दूसरी ओर 13 बार के फ्रेंच ओपन चैम्पियन नडाल अगर फिर से खिताब जीतते हैं तो वे स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को पीछे छोडक़र टेनिस इतिहास में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी नडाल और फेडरर दोनों के नाम 20-20 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। नडाल चार एटीपी टूर्नामेंट में 10 या इससे ज्यादा बार खिताब जीतने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। इटैलियन ओपन से पहले उन्होंने मोंटे कार्लो ओपन 11 बार, बार्सिलोना ओपन 12 बार और फ्रेंच ओपन 13 बार जीत चुके हैं। इनमें से सिर्फ फ्रेंच ओपन ही ग्रैंड स्लैम खिताब है। 
यह नडाल और जोकोविच के बीच अब तक का 57वां मुकाबला था। इसमें नडाल ने 28वीं जीत हासिल की है। जोकोविच ने 29 बार आपसी भिड़ंत को अपने नाम किया है। हालांकि, क्ले कोर्ट पर नडाल एकतरफा तरीके से आगे हैं। क्ले पर दोनों के बीच यह 26वीं भिड़ंत थी। इसमें नडाल ने 19वीं जीत हासिल की है। अब नडाल और जोकोविच दोनों ही फ्रेंच ओपन जीतने के लिए जोर लगाएंगे। हालांकि, वहां नडाल का पलड़ा भारी रहा है। पिछले साल के फाइनल में भी नडाल ने जोकोविच को ही हराकर खिताब जीता था। जोकोविच सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाडिय़ों की लिस्ट में फेडरर और नडाल के बाद तीसरे स्थान पर हैं। उनके नाम 18 खिताब हैं। नडाल, फेडरर और जोकोविच तीनों ही एक-एक ग्रैंड स्लैम में हावी रहे हैं। नडाल ने 13 बार फ्रेंच ओपन जीता है तो जोकोविच ने 9 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन अपने नाम किया है। फेडरर ने सबसे ज्यादा 8 बार विम्बलडन खिताब जीता है। यूएस ओपन में तीनों खिलाडिय़ों का अच्छा प्रदर्शन रहा है। यूएस ओपन में फेडरर पांच बार, नडाल चार बार और जोकोविच तीन बार चैम्पियन बने हैं।