मुंबई का मुकाबला पंजाब से: आईपीएल में आज 17वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2021) का 17वां मुकाबला आज चेन्नई में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होगा। मुंबई की टीम पॉइंट टेबल में 4 मैचों में 4 अंक लेकर पॉइंट टेबल में चौथे स्थान पर है।

चेन्नई। 
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) का 17वां मुकाबला आज चेन्नई में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होगा। मुंबई की टीम पॉइंट टेबल में 4 मैचों में 4 अंक लेकर पॉइंट टेबल में चौथे स्थान पर है। वहीं, पंजाब की टीम 4 मैचों में 2 अंकों के साथ आठवें यानी आखिरी स्थान पर है। इन टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले में दो सुपर ओवर की नौबत आई थी। इसे आखिरकार पंजाब ने जीता था। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई की टीम ने बल्लेबाजों के कमजोर प्रदर्शन के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछला मैच गंवा दिया था। वहीं, पंजाब की टीम हार की हैट्रिक बना कर इस मैच में आ रही है। पंजाब की टीम अपने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 120 रन ही बना सकी। वहीं, चेन्नई के खिलाफ टीम 106 रन का स्कोर ही बना पाई। यानी चार में से दो मैचों में उसकी बल्लेबाज फ्लॉप रही है। दूसरी ओर मुंबई की टीम चार मैचों में एक बार भी 160 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। दो मैचों में तो जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने मुंबई की नैया पार लगा दी, लेकिन अगर बार-बार उसके बल्लेबाज फेल होते रहेंगे तो गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा। पंजाब ने जीत से शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद से टीम जूझती नजर आ रही है। पंजाब की बल्लेबाजी कागज पर मजबूत है, लेकिन राहुल और मयंक अग्रवाल को छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चल पा रहा है। उसके गेंदबाज भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के लिए अपना 100वां मैच खेलेंगे। मयंक अग्रवाल पंजाब किंग्स के लिए अब तक 981 रन बना चुके हैं। यानी वे 19 रन बनाते ही इस टीम के लिए अपने 1000 रन पूरे कर लेंगे। मुंबई के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या आईपीएल में विकेटों का अर्धशतक लगा सकते हैं। उनके नाम अब तक 75 मैचों में 49 विकेट हैं। 669 रन बनाए हैं रोहित शर्मा ने पंजाब की टीम के खिलाफ। मुंबई के बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा। वहीं, पंजाब के बल्लेबाजों में मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा रन क्रिस गेल (664 रन) ने बनाए हैं।