भारतीय क्रिकेट टीम को उस समय बड़ा झटका लगा जब तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए तेज गेंदबाज दीपक चाहर चोटिल हो गए।
भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज दीपक चाहर अपने कोटे का दूसरा ओवर फेंक रहे थे और आखिरी गेंद से पहले उनको पैर में परेशानी हुई।
इसके बाद वे जमीन पर बैठ गए और फिर मैदान छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। दीपक चाहर फीजियो की मदद से मैदान से बाहर चले गए।
लाइव तस्वीरों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि दीपक चाहर को शायद हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी इस पर कोई अपडेट नहीं आया है।
यहां तक कि दीपक चाहर मैदान पर भी नहीं लौटे हैं। वहीं, उनके ओवर की आखिरी गेंद को वेंकटेश अय्यर ने फेंका, जिस पर उनको छक्का लगा।
यह घटना कोलकाता के ईडन गार्डन्स में तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज के रनों का पीछा करने की शुरुआत के दौरान हुई।
चाहर हमेशा की तरह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कर रहे थे और दो विकेट निकाल चुके थे, लेकिन हैमस्ट्रिंग को पकड़ते हुए उनको देखा गया तो सभी परेशान हो गए।